TIO NEW DELHI
दिवाली से पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने आम आदमी को बड़ा झटका दिया है। 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 264 रुपए की भारी बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 2000.50 रुपए का हो गया है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इधर, लगातार छठवें दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए हैं।
इस साल अब तक 668.50 रुपए महंगा हुआ सिलेंडर
31 दिसंबर 2021 को दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1332 रुपए पर थी, जो अब 2000.50 पर पहुंच गई है। यानी इस साल अब तक कॉमर्शियल सिलेंडर 668.50 रुपए महंगा हो चुका है। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी इसकी कीमत में 43.5 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। कॉमर्शियल सिलेंडर के महंगे होने की वजह से रेस्टोरेंट का खाना-पीना काफी महंगा हो जाएगा।
पिछले महीने ही घरेलू गैस की कीमत बढ़ाई गई थी
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी पिछले महीने ही बढ़ोतरी हुई थी। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने रसोई गैस के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए थे। दिल्ली और मुंबई में नॉन-सब्सिडी वाले 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 899.50 रुपए है।
पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़े
इस बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के भी दाम में 35-35 पैसे की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 109.69 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 98.42 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 115.50 और डीजल की कीमत 106.62 रुपए हैं।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
| शहर | पेट्रोल (रुपए/लीटर) | डीजल (रुपए/लीटर) |
| श्रीगंगानगर | 122.32 | 113.21 |
| अनूपपुर | 121.44 | 110.66 |
| परभणी | 118.65 | 108.00 |
| भोपाल | 118.46 | 107.90 |
| जयपुर | 117.08 | 108.39 |
| मुंबई | 115.50 | 106.62 |
| दिल्ली | 109.69 | 98.42 |

