बोरवेल में गिरा आठ साल का मासूम, 15 घंटे से बचाव कार्य जारी, पथरीली जमीन के कारण धीमी गति से हो रही खोदाई

0
138

TIO बैतूल

जिले के मांडवी गांव में बोरवेल में फंसी जिंदगी को बचाने की जद्दोजहद पिछले 15 घंटे से लगातार की जा रही है। यहां आठनेर क्षेत्र के आठ साल का तन्मय साहू मंगलवार शाम करीब पांच बजे खेत के पास पुराने बोरवेल के गड्ढे में गिर गया था। प्रशासन के द्वारा बचाव का कार्य प्रारंभ किया गया, जो रात भर चलता रहा। अभी तक लगभग 35 फीट गहराई की खोदाई हो पाई है। इसके बाद सुरंग बनाने का काम किया जाएगा। बोरवेल में आक्सीजन पहुंचाई जा रही है। हालांकि बोरवेल में फंसे तन्मय के शरीर में कोई हरकत नजर नही आ रही है। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और एसडीईआरफ की टीम तैनात है। मौके पर छह पोकलेन, तीन बुलडोजर, ट्रैक्टर खोदाई और निकल रही मिट्टी मुरम को हटाने में लगाए गए हैं।
आठनेर के कृष्णा गायकी ने बताया कि मांडवी के सुनील साहू का बालक खेत में खेल रहा था। इसी दौरान वह करीब 50 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। यह बोरवेल तीन दिन पहले ही खोदा गया था। खेत में इस बोरवेल की गहराई करीब 400 फीट है। कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस ने बताया कि बोरवेल में फंसे तन्मय को रस्सी के सहारे बाहर निकालने का प्रयास किया गया था। उसके हाथ में रस्सी बंध गई और उससे करीब 12 फीट उपर तक खींच लिया गया था लेकिन रस्सी खुल गई और वह वहीं पर अटक गया। अब तन्मय करीब 38 फीट गहराई पर अटका हुआ है। इसके बाद से उसके शरीर में हलचल नजर नहीं आई है। दूसरी ओर से भी गड्ढे की खोदाई शुरू की गई है।

तन्मय को भोजन पानी देना मुश्किल

बचाव अभियान में लगे अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को खाना और पानी पहुंचाने में समस्या है, क्योंकि उसके हाथ ऊपर है। बोरवेल के पास पश्चिम दिशा की ओर से करीब 25 फीट तक खोदाई के बाद कठोर चट्टान आने से काम धीमा हो गया। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा पूर्व दिशा की ओर से भी खोदाई कर सुरंग बनाने का काम रात करीब 12 बजे से शुरू कर दिया है।

कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि तन्मय 35 से 40 फीट के बीच फंसा हुआ है। उस तक पहुंचने के लिए 40 फीट गहराई तक खोदाई की जाएगी और फिर सुरंग बनाकर उसे निकाला जाएगा। पथरीली जमीन होने से खोदाई में वक्त लग रहा है।

कमिश्नर, डीआइजी मौके पर पहुंचे

तन्मय को बाहर निकालने के लिए सुरंग बनाने के लिए पोकलेन मशीनों की मदद से खोदाई का काम किया जा रहा है। बोरवेल में लगातार आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे से तन्मय पर प्रशासनिक अधिकारी नजर भी रखे हुए हैं। नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त श्रीमन शुक्ला एवं डीआईजी जगत सिंह राजपूत भी ग्राम मांडवी में मौका स्थल पर पहुंच गए हैं।

गांव के जूनावानी रोड पर नानक चौहान के खेत में पुराना बोरवेल का गड्ढा है। इस पर बोरा डालकर ढांक दिया गया था। मंगलवार को सुनील साहू और परिवार के लोग खेत में पूजा करने के लिए गए थे। इसी दौरान तन्मय खेलते हुए पुराने बोरवेल के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। परिजनों ने टार्च की रोशनी में उसे देखा तो उसके हाथ ऊपर की ओर हैं।