गुरुग्राम में गेमिंग कंपनी की ₹117.41 करोड़ की संपत्ति कुर्क:ED ने की कार्रवाई, फ्लैट और अपार्टमेंट भी शामिल; ‘हां या ना’ में फंसा करोड़ों कमाए

0
173

TIO गुरुग्राम

ईडी ने गुरुग्राम बेस्ड ऑनलाइन गेमिंग कंपनी प्रोबो की संपत्ति कुर्क की है। AI द्वारा जनरेट प्रतीकात्मक फोटो।

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित प्रोबो मीडिया टैक्नोलॉजीज कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने कंपनी और उसके निदेशकों के परिवार के सदस्यों की करीब 117.41 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।

कुर्क की गई संपत्तियों में कंपनी के नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर्स में निवेश, डिमांड ड्राफ्ट, बैंक बैलेंस और निदेशकों के परिवार के सदस्यों के नाम पर फ्लैट और अपार्टमेंट शामिल हैं।

बता दें कि प्रोबो ऐप और वेबसाइट ‘ऑनलाइन गेमिंग’ के नाम पर ऑनलाइन जुआ चलाती थी। कंपनी खुद को स्किल-बेस्ड गेमिंग प्लेटफॉर्म बताती थी, लेकिन जांच में पता चला कि यह यूजर्स को ‘हां या ना’ वाले सवालों के जरिए जुए में फंसाती थी। इससे यूजर्स को धोखा दिया जाता था और कंपनी को भारी मुनाफा होता था।

इसके बाद ईडी ने मामले की जांच शुरू की थी। यह जांच हरियाणा के गुरुग्राम, पलवल और उत्तर प्रदेश के आगरा में दर्ज कई एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। हालांकि, नए ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 लागू होने के बाद प्रोबो ने अगस्त 2025 में अपना ऑपरेशन बंद कर दिया था। मगर, ईडी की जांच जारी है।

ईडी की जांच से पता चला है कि कंपनी के निदेशकों और प्रमोटर्स की आपराधिक गतिविधियों से करीब 1,245.64 करोड़ रुपए के ‘क्राइम से इनकम’ हुई। ईडी की तरफ से बताया गया है कि आगे भी कार्रवाई हो सकती है।