TIO नई दिल्ली

हिमाचल में 24 घंटे में तापमान 8°C कम हुआ। मनाली का तापमान 12.6°C रहा, इसमें 7°C की कमी आई। वहीं, सोलन में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी हुई है। आज 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट है। इधर देहरादून में अधिकतम तापमान 34.1°C रहा, यहां गर्मी से लोग परेशान हैं।
राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा में अधिकतम तापमान 39-41°C के बीच रहा। सबसे ज्यादा 39.4 बाड़मेर में रहा। राज्य के 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
मौसम की तस्वीरें…




अगले 2 दिन मौसम का हाल…
14 मार्च- दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। बंगाल और नॉर्थ ईस्ट में बारिश या गरज की संभावना है।
15 मार्च- दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश की चेतावनी।
राज्यों से जुड़ी मौसम की खबरें…
मध्य प्रदेश: दिन का तापमान 40.2°C पहुंचा, 10 शहरों में 38°C से ज्यादा

मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते में ही हीटवेव चलने लगी है। गुरुवार को नर्मदापुरम, रतलाम और धार में लू चली। यहां आज भी लू का अलर्ट है। राज्य के नर्मदापुरम में दिन का अधिकतम तापमान 40.2°C और 10 शहरों में तापमान 38°C से ज्यादा रहा। 15 और 16 मार्च को प्रदेश में बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश: 15 मार्च से बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में तेज धुंध छाई

उत्तर प्रदेश में 10 से ज्यादा जिलों में कोहरा छा रहा है। अब 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यह इस सीजन की पहली बारिश होगी, जिससे पिछले कई दिनों से सामान्य से ऊपर चल रहे तापमान में गिरावट आएगी।
राजस्थान: बादल छाने से हीटवेव से राहत मिली, अगले 2 हफ्ते गर्मी कम रहने की संभावना

राजस्थान में गुरुवार से मौसम बदला है। बादल छाने से लू और तेज गर्मी से राहत मिली। जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर-जोधपुर संभाग के जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 हफ्ते तेज गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तराखंड: राज्य के पिथौरागढ़-चमोली में बर्फबारी, 5 जिलों में बारिश की संभावना

उत्तराखंड के चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी हुई है। आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया।


