रिपोर्ट- अमेरिकी विशेष दूत स्विट्जरलैंड के लिए रवाना:अमेरिका-ईरान की शर्तों पर फाइनल बात होगी, इजराइल-हिजबुल्लाह में टकराव से कल टल गई थी

0
5

TIO तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद आगे की शर्तों पर बातचीत के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शनिवार को स्विट्जरलैंड रवाना हो गए हैं। CNN के मुताबिक, वॉशिंगटन और तेहरान फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं, जो पहले इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष के कारण टल गई थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल ही में सीजफायर के बाद माहौल कुछ हद तक शांत होने पर बातचीत फिर से आगे बढ़ सकती है। इस प्रक्रिया में डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

समझौते के अनुसार, दोनों देशों को अंतिम डील तक पहुंचने के लिए 60 दिनों की समय-सीमा दी गई है। वहीं, एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी आज स्विट्जरलैंड पहुंच सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. ईरान-अमेरिका वार्ता टली: अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में होने वाली पहली औपचारिक वार्ता टाल दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबनान में लगातार इजराइली हमलों को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद बने हुए हैं। हालांकि, CNN ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं।

2. लेबनान में इजराइली हमलों में 47 लोगों की मौत: लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी में शुक्रवार देर रात से हुए इजराइली हवाई हमलों में 47 लोग मारे गए और 97 घायल हुए। 2 मार्च से अब तक मरने वालों की संख्या 3,980 पहुंच गई है।

3. होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही बढ़ी: अमेरिका-ईरान समझौते के बाद 18 जून को 25 कारोबारी जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे। यह अप्रैल के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा संख्या है। हालांकि, 500 से ज्यादा जहाज और 11 हजार नाविक अब भी खाड़ी में फंसे हुए हैं।

4. ट्रम्प बोले- ईरान को एक पैसा भी नहीं मिलेगा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका मजबूरी में बातचीत की मेज पर नहीं आया, बल्कि ईरान खुद आया है। उन्होंने कहा कि अगले 60 दिनों तक ईरान को अमेरिका से एक पैसा भी नहीं मिलेगा।

5. पाकिस्तानी PM ने सऊदी क्राउन प्रिंस से की बात: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने साऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति और अगले दौर की बातचीत को कूटनीति और संवाद के जरिए आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इराक 3 मिलियन बैरल तेल उत्पादन की तैयारी में

ईरान युद्ध के बाद बुरी तरह प्रभावित हुए तेल उत्पादन के बाद अब इराक का तेल मंत्रालय देश में तेल उत्पादन को फिर से पहले स्तर पर लाने की कोशिश में जुटा है।

इराकी न्यूज एजेंसी (INA) के मुताबिक, मंत्रालय के प्रवक्ता सलीम फरहूद ने बताया कि युद्ध की वजह से इराक का तेल उत्पादन करीब 60 प्रतिशत गिरकर 3.3 मिलियन बैरल प्रतिदिन से घटकर लगभग 1.3 मिलियन बैरल रह गया।

उन्होंने कहा कि उत्पादन को दो महीने के भीतर दोबारा 3 मिलियन बैरल प्रतिदिन से ऊपर ले जाने की कोशिश चल रही है। हालांकि इसके लिए कोई तय समयसीमा नहीं है क्योंकि अलग-अलग तेल क्षेत्रों की क्षमता और स्थिति अलग है।

फरहूद के अनुसार, कई ऑपरेटिंग कंपनियों ने मरम्मत और उत्पादन बहाली का काम शुरू कर दिया है। दक्षिणी तेल क्षेत्रों से एक से दो महीने में पुराने स्तर तक पहुंचना संभव है।

अमेरिका और कतर का ईरान को फ्रीज्ड फंड देने का प्लान

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका और कतर मिलकर एक ऐसी योजना पर काम कर रहे हैं, जिसके तहत ईरान को फंसी हुई अरबों डॉलर की रकम मानवीय कामों के लिए दी जा सकती है। इस प्रस्ताव के तहत ईरान को शुरुआती तौर पर करीब 6 अरब डॉलर तक की पहुंच कतर में रखे फंड से मिल सकती है।

ईरान का सेंट्रल बैंक इस पैसे का इस्तेमाल खाने-पीने की चीजें, दवाइयां और अन्य मानवीय जरूरतों की चीजें खरीदने के लिए कर सकेगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह पूरा फंड अंतरराष्ट्रीय निगरानी में जारी किया जाएगा, ताकि इसका इस्तेमाल तय मानवीय उद्देश्यों के लिए ही हो।

हालांकि अभी यह योजना शुरुआती चरण में है और ईरान की तरफ से इसे लेकर कोई अंतिम सहमति नहीं दी गई है।

ट्रम्प ने अमेरिका-ईरान समझौते पर सर्वे शेयर किया

ट्रम्प ने क्वांटस इनसाइट्स का एक सर्वे शेयर किया है, जिसमें अमेरिका-ईरान के शुरुआती समझौते पर लोगों की राय पूछी गई। इस समझौते में दोनों देशों के बीच तनाव रोकने, होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही फिर शुरू करने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम व प्रतिबंधों पर 60 दिनों तक बातचीत करने का प्रस्ताव शामिल है।

16-17 जून 2026 के बीच 1,000 संभावित वोटर्स पर किए गए इस सर्वे में 43% लोगों ने समझौते का जोरदार समर्थन किया, जबकि 13% ने कुछ हद तक समर्थन जताया।

16% लोगों ने न समर्थन किया और न विरोध, 15% ने कहा कि वे निश्चित नहीं हैं। वहीं, 8% लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया और 5% ने कुछ हद तक विरोध जताया।

सीजफायर के बावजूद लेबनान में इजराइल के हमले; 5 की मौत

दक्षिण लेबनान में इजराइल के हवाई हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच एक दिन पहले ही सीजफायर पर सहमति बनी थी।

लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी NNA के मुताबिक, इजराइल के विमान और ड्रोन ने रात से लेकर सुबह तक नबातिएह इलाके में कई जगह हमले किए। इन हमलों में रिहायशी इमारतें और घर तबाह हो गए। साथ ही इजराइल सेना ने सुबह से पहले तोपों से भी गोलाबारी की।