अमेरिका-ईरान के बीच आज की बातचीत रद्द:लेबनान पर इजराइली हमले जारी, नेतन्याहू के मंत्री बोले- पूरा लेबनान जलना चाहिए

0
14

TIO वॉशिंगटन डीसी/तेहरान

अमेरिका और ईरान के बीच फ्रांस में कल पीस डील पर दस्तखत होने के बाद आज स्विट्जरलैंड में आगे की बातचीत होनी थी, लेकिन यह बैठक अचानक रद्द कर दी गई। अमेरिकी मीडिया एक्सियोस के मुताबिक, इसके पीछे लेबनान में इजराइल के लगातार जारी सैन्य हमले एक बड़ी वजह हो सकती है।

लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शुक्रवार को इजराइली हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई। दूसरी ओर, हिजबुल्लाह के हमलों में एक टैंक बटालियन कमांडर समेत 4 इजराइली सैनिक मारे गए हैं।

इससे नाराज होकर इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गवीर ने तीखा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूरा लेबनान जलना चाहिए। बेन ग्वीर ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी कहा है कि हर इजराइली मां के आंसुओं के बदले एक हजार लेबनानी मांओं को रोना चाहिए।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

1. ईरान-अमेरिका पीस डील लागू: अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म करने के लिए अंतरिम समझौते पर दस्तखत हो गए हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार रात को फ्रांस के वर्साय पैलेस में इससे जुड़े MoU पर साइन किए।

2. अमेरिका-ईरान प्रतिनिधि आज स्विट्जरलैंड में मिलेंगे: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों देशों के बीच पहली औपचारिक वार्ता शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट में होगी।

3. इजराइल बोला- लेबनान से पीछे नहीं हटेंगे: इजराइली सेना (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में अपनी तैनाती का नया नक्शा जारी किया है और साफ किया है कि फिलहाल वहां से सैनिक नहीं हटाए जाएंगे।

4. होर्मुज से जहाजों की आवाजाही तेज: पीस डील पर साइन होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही तेज हो गई है। सऊदी अरब के झंडे वाले तीन बड़े तेल टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजर चुके हैं।

5. लेबनान में इजराइली हमलों में 3 लोगों की मौत: पीस डील लागू होने के बाद भी इजराइल ने साउथ लेबनान में हमला किया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। 2 मार्च से अब तक इन हमलों में 3,900 लोग मारे जा चुके हैं।

ईरान बोला- लेबनान में हमले रुकने की गारंटी मिले, तभी अमेरिका से बातचीत होगी

CNN ने एक डिप्लोमैट के हवाले से बताया कि, ईरान ने कहा है कि वह स्विट्जरलैंड में अमेरिका के साथ वार्ता दोबारा शुरू करने से पहले लेबनान में सैन्य कार्रवाई रुकने की गारंटी चाहता है।

ईरान ने मांग की है कि साइन हुए समझौते में तय प्रावधानों के मुताबिक लेबनान में लड़ाई खत्म होने का भरोसा दिया जाए।

लेबनान में इजराइली हमलों के बाद प्रस्तावित अमेरिका-ईरान वार्ता को अस्थायी रूप से टाल दिया गया है। हालांकि बातचीत दोबारा कब शुरू होगी, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

अमेरिका-ईरान के बीच हुए समझौते के 14 पॉइंट्स
इजराइली मंत्री बोले- पूरे लेबनान को जलना चाहिए

इजराइल के कट्टरपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री बेन-गवीर ने दक्षिणी लेबनान में 4 इजराइली सैनिकों की मौत के बाद कहा कि पूरा लेबनान जलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इजराइली नागरिकों और सेना के जवानों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। बेन-गवीर ने दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नेतन्याहू से निजी बैठकों में भी कहा है कि हर इजराइली मां के आंसू के बदले एक हजार लेबनानी माताओं को रोना चाहिए।

फ्रांस बोला- इजराइल लेबनान में हमले रोके

फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने कहा है कि इजराइल को लेबनान में अपने सैन्य हमले बंद करने चाहिए और अमेरिका को इस मुद्दे पर इजराइल पर दबाव बनाना चाहिए।

फ्रांसीसी मीडिया से बातचीत में बैरोट ने कहा कि लेबनान की संप्रभुता का सम्मान किया जाना जरूरी है। साथ ही, फ्रांस अभी भी लेबनानी सेना के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के मकसद से एक सम्मेलन आयोजित कराने की कोशिश कर रहा है।

हिजबुल्लाह ने इजराइली सैनिकों पर फिर हमला किया; 5 सैनिक घायल

इजराइली सेना (IDF) ने बताया कि दक्षिणी लेबनान के कफर तेबनित गांव में हिजबुल्लाह के ड्रोन हमले में पांच इजराइली सैनिक घायल हो गए। इनमें एक सैनिक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

IDF के मुताबिक, हिजबुल्लाह के विस्फोटक ड्रोन ने कमांडो ब्रिगेड के जवानों को निशाना बनाया। यह हमला उसी गांव में टैंक पर हुए एक अलग हमले के कुछ घंटे बाद हुआ, जिसमें एक टैंक बटालियन कमांडर समेत चार इजराइली सैनिक मारे गए थे।

घायलों में एक रिजर्व अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि तीन रिजर्व सैनिकों को मध्यम चोटें आई हैं। एक गैर-कमीशंड अधिकारी (NCO) को मामूली चोट लगी है।

हिजबुल्लाह के हमले में 4 इजराइली सैनिकों की मौत

लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेडालिया बेन सिम्होन की फाइल फोटो। (सोर्स- टाइम्स ऑफ इजराइल)
लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेडालिया बेन सिम्होन की फाइल फोटो। (सोर्स- टाइम्स ऑफ इजराइल)

इजराइली सेना (IDF) ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के एक हमले में एक टैंक बटालियन कमांडर समेत चार इजराइली सैनिकों की मौत हो गई हैं।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक मारे गए अधिकारी की पहचान 32 वर्षीय लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गेडालिया बेन सिम्होन के रूप में हुई है। वह इजराइल की 401वीं आर्मर्ड ब्रिगेड की 52वीं बटालियन के कमांडर थे।

घटना शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान के कफर तेबनित गांव में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बटालियन कमांडर के टैंक को किसी संदिग्ध ड्रोन या एंटी-टैंक मिसाइल ने निशाना बनाया।

इस हमले में टैंक में सवार चारों सैनिकों की मौत हो गई। हालांकि विस्फोट की सटीक वजह का पता लगाने के लिए IDF अभी जांच कर रही है।