बकर-ईद के मद्देनजर आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी

0
563

नई दिल्ली

खुफिया विभाग (आईबी) ने अलर्ट जारी कर कहा है कि इस्लामिक स्टेट (आईएस) और आईएसआई समर्थित आतंकवादी सोमवार को भारत में बकर-ईद के मौके पर हमले की साजिश रच रहे हैं। राज्य पुलिस इकाई और पुलिस मुख्यालयों में एक गोपनीय रिपोर्ट में शुक्रवार को खुफिया विभाग ने कहा कि आईएसआई समर्थित जिहादी समूह के आतंकवादी जम्मू एवं कश्मीर और देश के दूसरे इलाकों में ईद के मौके पर आतंकी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार, इस्लामिक स्टेट और पाकिस्तान समर्थित प्रो-रेडिकल आतंकवादी संगठन भीड़भाड़ वाले स्थानों- बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे और दूसरे अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बना सकते हैं।

आईबी के शीर्ष अधिकारियों ने कहा है कि आईएस अभी तक भारत में आतंक फैलाने में कामयाब नहीं हो पाया है, लेकिन जम्मू एवं कश्मीर पर लिए गए सरकार के फैसले से वह गुस्से में है।

हालांकि, भारत में तालिबान द्वारा समर्थित कुछ स्लीपर मॉड्यूल की मौजूदगी की खबरें आई हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने हाल ही में कई राज्यों में इस बावत छापेमारी की है।