वर्ल्ड डेस्क
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के कैबिनेट में तीन भारतवंशियों को भी जगह मिली है। प्रीति पटेल को गृह मंत्री बनाया गया है। वहीं इन्फोसिस के सहसंस्थापक एनआर नारायण मूर्ति के दामाद ऋषि सुनाक को कोषालय मंत्री और आलोक शर्मा को अंतरराष्ट्रीय विकास मामलों का विदेश मंत्री बनाया गया है। जॉनसन ने उन सभी लोगों को पदोन्नत किया है, जिन्होंने ब्रेग्जिट मुद्दे पर उनका साथ दिया था।
प्रीति (47) इस पद पर पहुंचने वालीं भारतीय मूल की पहली व्यक्ति हैं। वे ब्रेग्जिट को लेकर थेरेसा मे की नीतियों की मुखर आलोचक थीं। इससे पहले ब्रिटेन के गृह मंत्री पाकिस्तानी मूल के साजिद जाविद थे। उन्हें अब वित्त मंत्री बनाया गया है।
प्रीति कंजरवेटिव पार्टी नेतृत्व के लिए ‘बैक बोरिस’ अभियान की प्रमुख सदस्य थीं और पहले से संभावना थी कि उन्हें नई कैबिनेट में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्होंने उनकी नियुक्ति की घोषणा से कुछ घंटे पहले कहा, यह महत्वपूर्ण है कि कैबिनेट आधुनिक ब्रिटेन और आधुनिक कंजरवेटिव पार्टी को प्रदर्शित करे।
गुजराती मूल की नेता प्रीति ब्रिटेन में भारतीय मूल के लोगों के सभी प्रमुख कार्यक्रमों में अतिथि होती हैं और उन्हें ब्रिटेन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्साही प्रशंसक के रूप में देखा जाता है।
डॉमिनिक राब बने ब्रिटेन के नए विदेश मंत्री
नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुधवार को डॉमिनिक राब को ब्रिटेन का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया। सरकार ने बयान जारी कर यह जानकारी दी। राब (45) ने पिछले वर्ष टेरीजा मे की सरकार में ब्रेग्जिट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि उन्होंने (टेरीजा मे) यूरोपीय संघ से हटने के लिए ब्रुसेल्स के साथ जो करार किया है उसमें काफी समझौते कर लिए हैं।

