छत्तीसगढ़: भूपेश बघेल की टीम का गठन, एक महिला सहित 9 मंत्रियों ने ली शपथ

0
339

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्ममंत्री भूपेश बघेल की टीम का गठन हो गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 9 मंत्रियों को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई। अभी विभागों का बंटवारा नहीं हुआ है। 9 मंत्रियों ने शपथ ली, उनमें एक मात्र महिला रहीं डौंडी लौहारा सीट से कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया। वे दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं।
Chhattisgarh: Bhupesh Baghel’s team formed, 9 ministers including one woman took oath
शपथ लेने वाले अन्य विधायकों के नाम हैं – रविंद्र चौबे, प्रेमसाय सिंह, मोहम्मद अकबर, कवासी लखमा, शिवकुमार डहेरिया, जयसिंह अग्रवाल, गुरु रुद्र कुमार और उमेश पटेल।

शपथ लेने वालों में एक मात्र मुस्लिम विधायक मोहम्मद अकबर रहे। मोहम्मद अकबर कवर्धा सीट से विधायक चुने गए हैं। उन्होंने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी।

शपथ लेने वालों में सबसे चर्चित नाम उमेश पटेल का रहा। वे स्व. नंदकुमार पटेल के बेटे हैं। उन्होंने खरसिया सीट से ओपी चौधरी को हराया था। वर्ष 2013 में पहली बार विधायक चुने गए थे।

नए मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ का मुहूर्त पूरा होते ही मंच से नीचे उतरे और उन्हें मिलने वाली नई गाड़ियों की चाबी भी सौंप दी गई। इसके लिए करीब 15 गाड़ियां पहले से तैयार रखी गई थी।

कांग्रेस की सरकार के इस नए मंत्रिमण्डल में पूरी तरह जातीय समीकरण को साधता हुआ मिश्रण नजर आ रहा है। मंत्रिमण्डल में ऐसे मंत्रियों को शामिल किया गया है जो अलग-अलग जातीय वर्ग से आते हैं और इनकी संख्या भी समान ही नजर आ रही है।

नए बनाए गए मंत्रियों में तीन अनुसूचित जन जाति वर्ग से, दो अनुसूचित जाति वर्ग से, दो अन्य पिछड़ा वर्ग से और दो मंत्री सामान्य वर्ग से लिए गए हैं। साजा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रविन्द्र चौबे को मंत्री बनाया गया है।

पूरे मंत्रिमण्डल की अगर बात करें तो सीएम भूपेश सहित अन्य पिछड़ा वर्ग से सबसे ज्यादा 4 मंत्री बनाए गए हैं। सामान्य वर्ग से टीएस सिंहदेव सहित तीन मंत्री बनाए गए हैं।

जय सिंह अग्रवाल को भी मंत्री पद मिला है। वे तीसरी बार विधायक चुने गए हैं।