छत्तीसगढ़: मुकाबले में मोदी-शाह पर भारी पड़े राहुल, गांधी ने थी 17 सभाएं

0
260

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भारी पड़े। राहुल गांधी ने प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में 17 सभाएं की, जिसमें सिर्फ दो सीट पर कांग्रेस को हार मिली है। प्रदेश की एकमात्र खरसिया सीट पर अमित शाह और राहुल गांधी दोनों ने सभाएं की, यहां भी राहुल ने बाजी मारी और कांग्रेस उम्मीदवार उमेश पटेल भारी मतों से विजयी रहे।

राहुल की सभा ने पार कराई नैया
राहुल गांधी ने अंतागढ़, कोंडागांव, जगदलपुर, भानुप्रतापपुर, डोंगरगढ़, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, खरसिया, कठघोरा, तखतपुर, भिलाईनगर, बैकुण्ठपुर, जशपुर, अंबिकापुर और कवर्धा में सभाएं कीं। इसमें से सिर्फ बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा में कांग्रेस हारी है।

चार संभाग में मोदी की सभा, चारों में भाजपा चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगदलपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर और महासमुंद में सभाएं की। इसमें पांचों संभाग के उम्मीदवार शामिल हुए। संभागवार परिणामों में रायपुर संभाग में 20 में भाजपा को पांच, बिलासपुर संभाग की 24 में 7, सरगुजा संभाग की 14 में सभी सीट हार गई। दुर्ग संभाग की 20 में तीन और बस्तर संभाग की 12 में से एक सीट पर ही भाजपा उम्मीदवारों को जीत मिली।

शाह की दस सभा और दो रोड शो भी बचा नहीं पाई लाज
भाजपा के राष्ट्रीय अमित शाह ने खुज्जी, खैरागढ़, कोंडागांव, राजिम, पामगढ़, पाटन, अभनपुर, पत्थलगांव, खरसिया और धमतरी में प्रचार किया। इसमें खैरागढ़ और धमतरी में ही भाजपा की जीत हुई है।