TIO शिमला

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर बीती शाम में ताजा बर्फबारी और अन्य भागों में तेज बारिश हुई। अटल टनल, शिंकुला और रोहतांग दर्रा इत्यादि क्षेत्रों में बर्फबारी से ऊंचे पहाड़ों पर फिर से ठंड लौट आई है। वहीं सराहन में सबसे ज्यादा 38.7 मिमी बारिश, धर्मशाला 27.1, कांगड़ा 18.2, निचार 15.0, मनाली 11.0, गोहर 10.0, शिलारू 9.8, कोटखाई 9.4 और कुकुमसैरी में 8.2 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- राज्य के कई भागों में आज भी मौसम खराब रहेगा। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में बारिश आज भी आंधी और तूफान का येलो अलर्ट जारी कर रखा है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है।
अगले दो दिन यानी कल और परसों पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ेगा। इससे राज्य के मध्यम ऊंचे व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी।

3-4 को फिर भारी बारिश-ओलावृष्टि
IMD ने 3 और 4 अप्रैल को एक बार फिर से मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम के ये तेवर 5 अप्रैल तक बने रह सकते हैं।

शिमला-कुमारसैन में ओलावृष्टि
वहीं शिमला शहर और कुमारसैन में बीती शाम को भारी ओलावृष्टि हुई। इससे स्टोन फ्रूट्स, मटर और फूलगोभी की फसल को नुकसान पहुंचा है।


