नई सरकार का उद्घाटन सत्र 7 जनवरी से, राज्यपाल के अभिभाषण में अपने लक्ष्य बताएगी सरकार

0
270

भोपाल। पंद्रहवीं विधानसभा का 7 से 11 जनवरी तक चलने वाले उद्धाटन सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। उद्घाटन सत्र में विधायकों की शपथ के साथ राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा। अभिभाषण में इस बार सरकार की उपलब्धियां के साथ लक्ष्यों के बारे में भी बताया जाएगा। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार का उद्घाटन सत्र पांच दिन का होगा। सत्र के पूर्व प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति की जाएगी। सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथ के बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा।
Inauguration session of new government will tell its targets in the Governor’s address from January 7
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष के लिए भाजपा की अपना प्रत्याशी भी उतारने की रणनीति बन रही है। इस स्थिति में मतदान से विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होने की संभावना है। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण होगा। साथ ही अन्य शासकीय कार्य भी होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों से जानकारी मांगी है।

सूत्र बताते हैं कि इस बार राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों के साथ कांग्रेस के चुनावी वचन पत्र के लक्ष्यों को शामिल किया जाएगा। हालांकि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शपथ लेने के बाद कर्ज माफी, कन्या विवाह योजना की राशि 28 हजार से बढ़ाकर 51 हजार करने, हर पंचायत में गौशाला के प्रस्ताव तैयार करने, निवेश प्रोत्साहन योजना में उन्हीं उद्योगों को लाभ दिए जाने का फैसला लिया जो 70 फीसदी स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे, चार गारमेंट पार्क को मंजूरी और पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने के लिए नियम बनाने के आदेश जारी किए हैं। इन मुद्दों का राज्यपाल के अभिभाषण में प्रमुखता से उल्लेख किया जाएगा।