कुमारस्वामी ने शीतकालीन सत्र से दो दिन पहले शत्रु शक्तियों को पराजित करने किया हवन

0
351

बेंगलुरू। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र से दो दिन पहले ‘शत्रु शक्तियों’ को पराजित करने के लिए एक हवन किया है। अनुमान है कि आगामी विधानसभा सत्र काफी हंगामा भरा होने वाला। खबर है कि कुमारस्वामी ने अपने भाई और पीडब्ल्यूडी मंत्री एचडी रेवन्ना के साथ चिकमंगलूर जिले के श्रृंगेरी शारदा मंदिर में खासतौर पर अमावस के दिन प्रत्यंगिरा देवी का हवन किया था।
Kumaraswamy has defeated enemy powers two days before winter session
हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह यज्ञ करने से नकारात्मकता दूर होती है, शत्रुओं पर विजय सुनिश्चित होती है, बुरी शक्तियों का असर खत्म होता है, स्वास्थ्य में सुधार होता है, मानसिक पीड़ा समाप्त होकर शांति का वातावरण बनता है। प्रचलित मान्यता के अनुसार यह यज्ञ अमावस्या या अष्टमी को किया जाता है। देवी प्रत्यंगिरा का एक और नाम अथर्व भद्रकाली भी है। उनका मुख सिंह का और शेष शरीर स्त्री का है। देवी का उल्लेख रामायण में भी मिलता है। ऐसा माना जाता है कि जो भी व्यक्ति यह हवन करता है स्वयं देवी उसकी रक्षा करती हैं।

इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने अपनी पत्नी चेन्नम्मा के साथ हासन जिले में स्थित अपने पैतृक गांव हर्दनहल्ली में शिव मंदिर में पूजा की। हालांकि कुमारस्वामी और गौड़ा का कहना था कि यह सामान्य अमावस की पूजा थी। कुमारस्वामी के लिए अमावस के दिन पूजा करना कोई नई बात नहीं है। मई में विधानसभा चुनावों से पहले भी मुख्यमंत्री नियमित रूप से मंड्या जिले के नागमंगला में स्थित आदिछनछनगिरी मंदिर जाया करते थे। यहां तक कि जिस दिन चुनाव परिणाम आने थे, उस दिन कुमारस्वामी अमावस की पूजा कर रहे थे जिसे आदिछनछनगिरी के मुख्य पुजारी श्री निर्मलानंद स्वामी संपन्न करा रहे थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह अपनी पत्नी अनिथा कुमारस्वामी के साथ पूजा में शामिल होते रहे हैं।

श्रृंगेरी में होम के बाद कुमारस्वामी ने कहा कि वह किसी तरह के जादू-टोने में भरोसा नहीं करते। उन्होंने इन अनुमानों को नाकारा कि वह यह यज्ञ अपनी सरकार को बचाने और बुरी शक्तियों को भगाने के लिए कर रहे हैं। कुमारस्वामी का कहना था, ‘मैं महज धार्मिक हूं, मेरी देवी शारदा में आस्था है। मैं काले जादू में विश्वास नहीं करता।’ गुरुवार को रेवन्ना ने भी कहा कि उनके परिवार का देवी शारदा में अटूट विश्वास है और कोई भी बुरी शक्तियां मुख्यमंत्री को नुकसान नहीं पहुंचा सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘कोई कितना भी काला जादू कर ले, उसका कुमारस्वामी पर कोई असर नहीं होगा। उन पर और हमारे पूरे परिवार पर देवी शारदा की कृपा है।’