राजमाता विजियाराजे सिंधिया की बहन और पूर्व विधायक सुषमा सिंह की अंतिम यात्रा आज

0
789

ग्वालियर

दिवंगत राजमाता विजयाराजे सिंधिया की बहन सुषमा सिंह का सोमवार को यहां निधन हो गया। वे 87 वर्ष की थीं और कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। वे 1977 में करैरा से जनता पार्टी के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुई थीं। वे पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री भी रहीं। इलाहाबाद विवि में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर उनके सहपाठी थे। उनके पति दिवंगत धर्मेंद्र बहादुर सिंह एमआईटीएस के सचिव रहे हैं।

28 अगस्त 1932 को उरई उत्तरप्रदेश में जन्मी सुषमा सिंह यहां एएमआई शिशु मंदिर में वर्षों तक प्राचार्य रहीं। उन्होंने द सिंधिया स्कूल फोर्ट में तीन वर्ष तक अध्यापन कार्य किया। संगीत में उनकी दिलचस्पी थी। इसके चलते उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो से गायन में ए ग्रेड कलाकार की दक्षता प्राप्त की थी। उनके दो बेटे अनुराग सिंह और विवेक सिंह हैं। विवेक सिंह न्यूजीलैंड में और अनुराग सिंह ग्वालियर में रहते हैं।

अंतिम यात्रा आज: उनकी अंतिम यात्रा मंगलवार दोपहर महाराणा प्रताप नगर स्थित निवास से आरंभ होगी। अंतिम संस्कार विवेकानंद नीड्म के पास मुक्तिधाम में किया जाएगा।