जम्मू
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों के साथ हुए मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक शनिवार सवेरे शोपियां के बोना बाजार क्षेत्र में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हुई जिसमें दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया। सेना को इनके पास हथियार व गोला बारूद मिला है। मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है।
फिलहाल, ऑपरेशन जारी है। सेना ने इलाके की घेराबंदी की हुई है। गौरतलब हो इससे पहले 17 जुलाई को उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को मार गिराया था। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार व गोला बारूद भी बरामद किए गए थे। वह नागरिकों की हत्या समेत कई मामलों में शामिल रहा था।

