सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी

0
184

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार को घेराबंदी तथा तलाशी अभियान (कासो)के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी कीे खुफिया सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राइफल्स ,विशेष अभियान समूह, जम्मू -कश्मीर पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने तंगपाव कोकरनाग गांव में तड़के कासो चलाया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल बाहर जाने वाले सभी मार्गों को सील कर रहे थे, तभी अचानक आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए नजदीक के शिविरों से अतिरिक्त सुरक्षाबलों को रवाना कर दिया गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने दोनों तरफ से गोलीबारी की पुष्टि करते हुए कहा कि विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।

बता दें कि केन्द्र ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में आतंक संबंधी गतिविधियों और आतंकवादियों को धन मुहैया कराने के खिलाफ संगठित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक बहुविभागीय आतंक निगरानी समूह गठित किया है। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस समूह में जम्मू कश्मीर पुलिस, खुफिया ब्यूरो, सीबीआई, एनआईए और आयकर विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे।यह समूह आतंकी गतिविधियों का समर्थन करने वाले शिक्षकों सहित सरकारी कर्मचारियों के बीच मौजूद कट्टरपंथियों से सहानुभूति रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।