मोदी का कांग्रेस पर तंज- देश के पैसों पर पंजा नहीं पड़ने दूंगा

0
349

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समर्थकों को संबोधित किया। मोदी ने कहा, भाजपा ने जब मुझे दायित्व दिया। मुझे देश के हर कोने में जाने का अवसर मिला। तब जाकर मैंने लोगों से कहा था कि आप दिल्ली का जो दायित्व मुझे दे रहे हैं मतलब आप एक चौकीदार बिठा रहे हैं। देश का सामान्य मानवीय देश के लिए टैक्स देता है। अलग-अलग प्रकार से धनराशि देता है और इसके ऊपर देश के गरीबों का हक होता है। और मेरी यह कोशिश रहेगी कि मैं कभी भी जनता के इस पैसे पर कोई पंजा नहीं पड़ने दूंगा।

यह कार्यक्रम दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में शाम 5 बजे शुरू हुआ। यहां 5 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। इसके अलावा देश के अलग-अलग शहरों में प्रधानमंत्री से संवाद के लिए 500 बूथ भी बनाए गए हैं। इन पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ‘चौकीदार चोर है’ नारे के जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 मार्च को इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने अपने ट्विटर अकाउंट नाम के आगे ‘चौकीदार’ शब्द जोड़ लिया था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मोदी ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान को आगे बढ़ाएंगे।