भोपाल। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के मतों की गिनती शुरू हो गई है और रुझान भी आने शुरू हो गए हैं। बीजेपी शासित राज्य मध्य प्रदेश के परिणामों पर सबकी नजर है। यहां बीजेपी पिछले 15 सालों से सत्ता में है। ताजा रुझानों के मुताबिक राज्य में कांग्रेस लीड कर रही है। हालांकि, किसी भी पार्टी को बहुमत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी सीट से तकरीबन 6000 वोटों की बढ़त बना ली है।
After the second round of counting, Shivraj Singh, ahead of 6000 votes in Budhni
बुधनी सीट है महत्वपूर्ण
बीजेपी के लिए बुधनी सीट बहुत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले की इसी सीट से चुनावी मैदान में हैं। नर्मदा किनारे बसे इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस शिवराज सिंह को घेरने की कोशिश में लगी हुई थी। हालांकि, मुख्यमंत्री की सीट होने की वजह से यहां शिवराज सिंह के लिए कोई खतरा दिखाई नहीं देता। कांग्रेस ने इस बार शिवराज के खिलाफ अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव को चुनावी मैदान में उतारा है। बीजेपी इसी बात को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधती रही है। बीजेपी के मुताबिक कांग्रेस ने अपने एक कद्दावर नेता अरुण यादव से पहले तो प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी छीनी। बाद में उन्हें ऐसी सीट से टिकट दिया जहां उनके चुनाव जीतने की संभावना कम है।
84 हजार वोटों के अंतर से जीते थे शिवराज
पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां से भारी मतों से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार महेंद्र सिंह चौहान को तकरीबन 84हजार मतों के अंतर से हराया था।
शिवराज एमपी में सबसे लंबे समय तक सीएम रहने वाले नेता
मप्र में भाजपा ने 2003, 2008 और 2013 का चुनाव जीता। शिवराज सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले राज्य के इकलौते और देशभर में बीजेपी के दूसरे नेता हैं। मप्र में कांग्रेस के दिग्विजय सिंह 10 साल सीएम रहे। भाजपा के मुख्यमंत्रियों के लिहाज से देश में सिर्फ छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह उनसे आगे हैं।
15 साल सरकार चलाने वाली पहली पार्टी है बीजेपी
भाजपा राज्य में लगातार 15 साल सरकार चलने वाली पहली पार्टी है। 1956 में अलग राज्य बनने के 11 साल बाद हुए चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली। लेकिन सिर्फ चार महीने बाद ही पार्टी में टूट के कारण उसे दो साल तक सत्ता से बाहर रहना पड़ा था।

