ग्रीन भोपाल कूल भोपाल के तहत पत्रकार भवन में 50 पौधों का रोपण

0
1029

TIO, भोपाल

ग्रीन भोपाल कूल भोपाल अभियान के तहत पत्रकार भवन में रविवार को 50 छायादार पेड़ों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर भोपाल कमिश्नर श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव, कलेक्टर तरुण पिथोड़े, डीआईजी इरशाद वली, एआईजी धर्मवीर सिंह, एएसपी निश्छल झरिया ने मुख्य रूप से पौधरोपण किया। कार्यक्रम का आयोजन भोपाल श्रमजीवी पत्रकार संघ ने किया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भोपाल की प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार गण भी उपस्थित थे।
पौधा-रोपण को जन-आन्‍दोलन बनाना होगा : संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव 
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई भोपाल श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा पत्रकार भवन में आज “हरा भोपाल – शीतल भोपाल” अभियान के तहत पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।  इस अवसर पर भोपाल संभाग आयुक्त कल्पना श्रीवास्तव, डीआईजी इरशाद वली और कलेक्टर तरुण पिथोड़े समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं पत्रकारों ने पत्रकार भवन परिसर में पौधारोपण किया।
संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने भोपाल श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ – साथ ज़रूरी है कि इसकी पूरे समय देख भाल की जाये। उन्होंने कहा कि  ‘हरा भोपाल-शीतल भोपाल’ अभियान में भोपाल में 11 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य है।
इसके लिए पौधा-रोपण को जन-आन्‍दोलन बनाना होगा। शासकीय एजेंसियों के साथ सामाजिक संस्थानों के सहयोग और व्यक्तिगत पहल से ही यह संभव होगा। उन्होंने कहा कि कि पिछले 20 साल में भोपाल राजधानी क्षेत्र में वृक्षाच्छादन का क्षेत्र 66 प्रतिशत से घटकर 22 प्रतिशत रह गया है। इससे तापमान में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसे पूर्व की स्थिति में लाने के लिए बड़ी संख्या में पौधे लगाने की आवश्यकता है। ‘हरा भोपाल-शीतल भोपाल’ अभियान आरंभ होने से अब तक भोपाल में 4 लाख से अधिक पौधे लगाये जा चुके हैं। अभियान के क्रियान्वयन में शासकीय एजेंसियों की सक्रियता के साथ जन-समुदाय की सहभागिता और सक्रियता आवश्यक है।
जन-सामान्य को अभियान से जोड़ने के लिए अभियान के क्रियान्वयन और प्रक्रियाओं को बहुत सरल बनाया गया है। राजधानी में 325 उद्यान, 6 हिल्स सहित सड़कों के किनारे, शैक्षणिक संस्थाओं की भूमि, कॉलोनियों में पौधा-रोपण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पौधों को घर-घर पहुँचाने के लिये नगर निगम, साँची पार्लर, पेट्रोल पम्प, गैस एजेन्सियों एवं होटल संचालकों की मदद ली जा रही है।
भोपाल डीआईजी इरशाद वली ने “हरा भोपाल – शीतल भोपाल” में पत्रकरों की भागीदारी पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मैंने जो पौधा लगाया है उसकी देखभाल की ज़िम्मेदार अब मेरी है। मैं समय – समय इसकी देखभाल भी करूंगा। उन्होंने कहा कि पौधा-रोपण को जन-अभियान बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।  उन्होंने पौधा-रोपण की दिशा में हो रहे प्रयासों को सकारात्मक रूप से प्रचारित-प्रसारित करने में सहयोग की मीडिया से अपील की।
भोपाल कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने कहा कि “हरा भोपाल – शीतल भोपाल” अभियान में पत्रकारों की भागीदारी पर्यावरण की रक्षा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि भवन निर्माण में पेड़ नहीं काटने पड़े। जरूरी होने पर कटने वाले पेड़ों की संख्या से दस गुना अधिक पौधे लगाना अनिवार्य किया जाए।
इस अवसर पर आदेश प्रताप सिंह भदौरिया, धर्मेंद्र पैगवार,अरशद अली खान,धर्मेंद्र सिंह ठाकुर, उदय मौर्य,सुनील त्रिपाठी, शिशुपाल सिंह तोमर,शब्बीर क़ादरी,अलोक गुप्ता,सरल भदौरिया, अबरार खान, जतिन मिंडोरे समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे।