रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मायावी वादों का कोई असर नहीं हुआ है। झूठ, छल-प्रपंच और षड्यंत्रों के धरातल पर खड़ी कांग्रेस बेनकाब हो गई। छत्तीसगढ़ के चुनावों में दीगर तमाम फैक्टर्स पर रमन फैक्टर ही भारी रहा है।
State BJP leaders will claim claim, exit polls will defame public
प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष पूनम चंद्राकर, युवा मोर्चा के अध्यक्ष विजय शर्मा, अजजा मोर्चा अध्यक्ष सिद्धनाथ पैकरा, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, अजा मोर्चा अध्यक्ष कृष्णमूर्ति बांधी और पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष कोमल जंघेल ने कहा कि एक्जिट पोल के अनुमानों को धता बताकर प्रदेश की जनता पूरे विश्वास के साथ भाजपा की चौथी बार सरकार बना रही है। एक्जिट पोल के सर्वे से ज्यादा विश्वसनीय सर्वेयर हमारे लाखों कार्यकर्ता हैं।
जीत के दावे कर रहे कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए मोर्चा अध्यक्षों ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की इस खुशफहमी की उम्र अब गिनती के घंटों की रह गई है। 21 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक कांग्रेसियों को खुश रहने का आखिरी मौका मिला है। एक-दो एक्जिट पोल के परिणाम पक्ष में देखकर उन अनुमानों पर हवाई किले बना रहे कांग्रेस नेताओं को भाजपा नेताओं ने ख्वाबों से दुनिया से बाहर निकलकर 11 दिसम्बर के सच का सामना करने के लिए तैयार रहने की नसीहत दी है।
नारी शक्ति का भाजपा पर अटूट विश्वास
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी, महामंत्री मीनल चौबे व शालिनी राजपूत, विभा अवस्थी ने एक्जिट पोल के आंकड़ों को महज अनुमानित बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस नेता बड़बोले हो चले हैं।11 दिसंबर को परिणाम आने पर कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी।
कांग्रेस नेताओं के सीडी कांड, स्टिंग आॅपरेशन जैसे आरोपों से जूझने की याद दिलाते हुए भाजपा महिला नेत्रियों ने कहा कि ऐसा करके कांग्रेस ने प्रदेश की नारी अस्मिता और स्वस्थ लोकतांत्रिक परिवेश के साथ खिलवाड़ करने की घिनौनी हरकत की। भाजपा सरकार ने नारी-शक्ति के आत्म सम्मान का संरक्षण और संवर्धन करके गौरवशाली मिसाल पेश की। आत्म सम्मान और सशक्तिकरण से अभिभूत प्रदेश की नारी शक्ति ने मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के प्रति एक मां, एक बहन के रूप में अगाध विश्वास व्यक्त किया है।

